Bihar INFACTNews

Bihar: पूर्वी चंपारण में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, राजस्थान ले जाई जा रही महिला को पुलिस ने कराया रेस्क्यू

मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने मानव तस्करी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए राजस्थान ले जाई जा रही एक महिला को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के तीन महिला सदस्यों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामला पिपराकोठी थाना क्षेत्र का है।

गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग संगठित गिरोह बनाकर बिहार से महिलाओं को राजस्थान ले जाकर मानव तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पिपराकोठी चौक पर छापेमारी की गई, जहां से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के झुंझुनू जिले के निवासी मुरली मेघवाल और अजय कुमार के अलावा तीन महिला आरोपी भी शामिल हैं।

नशीला पदार्थ खिलाकर ले जाई जा रही थी महिला

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक महिला को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे पैसों का लालच देकर तथा नशीला पदार्थ खिलाकर राजस्थान ले जाया जा रहा था।महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया।

पांच मोबाइल फोन भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पहले के मामलों की भी होगी जांच

छापेमारी टीम का नेतृत्व पिपराकोठी थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला को राजस्थान ले जाकर उसका सौदा किए जाने की आशंका सामने आई है।थानाध्यक्ष ने कहा कि अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह पहले भी बिहार से महिलाओं, लड़कियों या बच्चों की तस्करी कर चुका है या नहीं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मानव तस्करी के खिलाफ यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button