Bihar INFACTNews

Bihar: जदयू की राष्ट्रीय परिषद बैठक में नीतीश कुमार पर फिर जताया भरोसा, चौथी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर लगी मुहर

पटना: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक रविवार को पटना स्थित प्रदेश मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी नेताओं और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार के चौथी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर मुहर लगा दी। इसके साथ ही उन्हें संगठनात्मक स्तर पर बड़ा अधिकार देते हुए पार्टी के संविधान में आवश्यकता पड़ने पर उचित संशोधन करने के लिए भी अधिकृत किया गया।

कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

बैठक में पहुंचे नीतीश कुमार का पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर उन्हें बधाई दी गई। इस दौरान निशांत कुमार ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसकी चर्चा भी बैठक में रही।

सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना

राष्ट्रीय परिषद को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार की एनडीए सरकार के कामकाज की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार उनके द्वारा शुरू किए गए ‘सात निश्चय पार्ट-3’ की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतार रही है।बैठक के बाद जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन सिंह ने प्रेस वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री सरकार के कार्यों से संतुष्ट हैं और उन्होंने एनडीए सरकार को बधाई दी है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

राष्ट्रीय परिषद में चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

राजीव रंजन सिंह ने बताया कि बैठक में चार महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार में सत्ता का शांतिपूर्ण और सहज हस्तांतरण भारतीय राजनीति की एक अनूठी घटना है।उन्होंने दावा किया कि राज्य में 20 वर्षों तक नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार चलने के बावजूद जनता के बीच एंटी-इंकम्बेंसी का माहौल नहीं है।बैठक में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव में कमी पर भी संतोष व्यक्त किया गया। इसके अलावा जदयू की सदस्य संख्या एक करोड़ से अधिक होने पर भी नेताओं ने खुशी जताई।

चौथी बार संभाली राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी

नीतीश कुमार इससे पहले भी तीन बार जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं।

2016: शरद यादव से राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाला।
2019: दूसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए।
दिसंबर 2023: ललन सिंह के इस्तीफे के बाद तीसरी बार अध्यक्ष बने।
24 मार्च 2026: चौथी बार निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, जिस पर अब राष्ट्रीय परिषद की बैठक में औपचारिक मुहर लगा दी गई।पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि नीतीश कुमार ही जदयू के सर्वमान्य नेता हैं और संगठन उनके नेतृत्व में आगे भी मजबूती के साथ कार्य करता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button