Bihar INFACTNews

Bihar:तेज प्रताप यादव पर पटना कोर्ट में शिकायत, आकाश यादव ने जबरन घर में घुसने और धमकी देने का लगाया आरोप

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। तेज प्रताप और अनुष्का यादव के कथित रिलेशनशिप से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बार आकाश यादव ने पटना कोर्ट में नालिसी (शिकायती) मुकदमा दायर कर तेज प्रताप पर जबरन घर में घुसने, धमकी देने और उनकी भांजी से मिलने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

कोर्ट में दायर की शिकायत, एफआईआर नहीं होने का आरोप

आकाश यादव का कहना है कि उन्होंने 10 जून को पाटलिपुत्र थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का रुख किया और नालिसी केस दायर किया। शिकायत के साथ पुलिस को दिए गए आवेदन की प्रति और अपने दावों के समर्थन में सबूत होने का भी दावा किया है।

जबरन घर में घुसने का आरोप

कोर्ट में दायर शिकायत के अनुसार, 6 जून की रात जब आकाश यादव राजस्थान में थे, तब तेज प्रताप यादव अपने पीए मोतीलाल यादव के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि घर में मौजूद परिवार के लोगों ने गेट नहीं खोला तो तेज प्रताप ने शौचालय जाने का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया और काफी देर तक वहीं रहे।आकाश यादव का आरोप है कि तेज प्रताप पहले भी कई बार बिना अनुमति उनके घर आते रहे हैं और परिवार डर के कारण उन्हें रोक नहीं पाता था।

फोन पर अपहरण की धमकी देने का आरोप

आकाश यादव का दावा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तेज प्रताप के पीए मोतीलाल यादव से फोन पर बात की। आरोप है कि बाद में तेज प्रताप से भी उनकी बातचीत कराई गई, जिसमें उन्हें कथित रूप से धमकी दी गई कि यदि उज्जैनी से मिलने से रोका गया तो उसका अपहरण करवा दिया जाएगा।शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ समय बाद एक विदेशी नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पुलिस में जाने पर गोली मारने की धमकी दी।

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद उस समय सामने आया था जब तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया अकाउंट से अनुष्का यादव के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए दोनों के कई वर्षों से रिश्ते में होने का दावा किया गया था। बाद में वह पोस्ट हटा दी गई और तेज प्रताप ने कहा कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर उन्हें बदनाम करने की साजिश की गई थी।इसके बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से अलग करने का फैसला लिया था। हालांकि हाल के दिनों में दोनों के रिश्तों में सुधार की चर्चाएं भी सामने आई थीं और तेज प्रताप हाल ही में अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के बेटे के जन्मदिन समारोह में भी शामिल हुए थे।

मामले में जांच का इंतजार

फिलहाल आकाश यादव की शिकायत पर मामला न्यायालय के समक्ष है। अदालत की ओर से आगे की प्रक्रिया और पुलिस की कार्रवाई के बाद ही आरोपों की सत्यता और मामले की दिशा स्पष्ट होगी। तेज प्रताप यादव की ओर से इन नए आरोपों पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button