NewsUP INFACT

Uttar Pradesh:राम मंदिर चढ़ावा विवाद मामले में सीएम योगी बोले- 15 दिन इंतजार करिए, एसआईटी जांच के बाद सब साफ हो जाएगा

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर में चढ़ावा और दान की कथित चोरी के मामले पर बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष जांच दल की जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने लोगों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा, “आप लोगों ने 500 साल इंतजार किया है, 15 दिन और इंतजार करिए, सब साफ हो जाएगा।”

15 दिन में आएगी अंतिम जांच रिपोर्ट

मुख्यमंत्री ने यह बयान अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा के अनावरण तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान दिया।राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए लखनऊ के मंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय एसआईटी गठित की है। जांच टीम को एक सप्ताह में प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिनों के भीतर अंतिम रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

रामलला के दर्शन के बाद ट्रस्ट से ले सकते हैं जानकारी

सरकारी कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान वह राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों से चढ़ावा विवाद की जांच की प्रगति पर भी जानकारी ले सकते हैं।बताया जा रहा है कि जिन लोगों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, उन्हें मुख्यमंत्री से दूर रखने की भी तैयारी की गई है।

पांचवें दिन भी जारी रही एसआईटी की जांच

राम मंदिर चढ़ावा विवाद की जांच में जुटी एसआईटी का शुक्रवार को पांचवां दिन रहा। जांच टीम अब तक राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी अनिल मिश्रा, गोपाल राव समेत मंदिर प्रशासन से जुड़े कई कर्मचारियों से पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी पूरे मामले से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।

जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर

राम मंदिर में चढ़ावा और दान की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है। अब सभी की नजर एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट पर है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button