Bihar INFACTNews

Bihar : कदमकुआं थाने में घंटों बैठे रहे ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद, पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का लगाया आरोप

पटना: ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद अपने भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार के बाद बुधवार शाम पटना लौटे। पटना पहुंचते ही वह सीधे कदमकुआं थाना पहुंचे, जहां उन्होंने अपने भाई की मौत के मामले में फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी थाने पहुंचे।

घंटों थाने में बैठे, फिर भी नहीं दर्ज हुई एफआईआर

रौशन आनंद करीब चार घंटे तक कदमकुआं थाने में मौजूद रहे। इस दौरान उनकी थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारियों से बातचीत हुई। उनके वकील भी थाने पहुंचे, लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद पुलिस ने खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की।

रौशन आनंद का आरोप- “खान सर ने भाई की हत्या कराई”

थाने से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में रौशन आनंद ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले भी खान सर ने उन पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें जेल भिजवाया था और अब उनके भाई प्रिंस यादव की हत्या के पीछे भी खान सर का हाथ है।हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप

रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दबाव में आकर उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। उन्होंने कहा,”हम शाम 4 बजे से थाने में बैठे थे, लेकिन हमारी एफआईआर नहीं लिखी गई। हमें न्याय नहीं मिला। जब तक कार्रवाई नहीं होगी, हम यहीं बैठे रहेंगे।”उन्होंने यह भी कहा कि आखिर एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई, इसका जवाब थाना प्रभारी ही दे सकते हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

अपने भाई की मौत के मामले में रौशन आनंद ने बताया कि घटना नेपाल में हुई थी और नेपाल पुलिस की ओर से अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई है। उनका कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मामले में और तथ्य सामने आ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button