BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand:जमशेदपुर में चेन स्नेचिंग के बाद पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, जैप परिसर से दो आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: शहर में सोमवार शाम चेन स्नेचिंग की घटना के बाद पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टेल्को थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही टेल्को, सिदगोड़ा समेत कई थानों की पुलिस सक्रिय हो गई और दोनों अपराधियों की तलाश में घेराबंदी शुरू कर दी। 

पीछा करने पर पुलिस पर चलाई गोलियां

सूत्रों के अनुसार, पुलिस द्वारा पीछा किए जाने के दौरान बदमाशों ने बच निकलने के लिए फायरिंग शुरू कर दी।इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

सूर्य मंदिर के पास जैप परिसर में घुसे आरोपी

जानकारी के मुताबिक, पुलिस से बचने के प्रयास में दोनों आरोपी सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सूर्य मंदिर के समीप झारखंड आर्म्ड पुलिस परिसर में जा घुसे। वहां मौजूद जैप जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

एक आरोपी घायल होने की सूचना

सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के घायल होने की भी सूचना है। हालांकि, उसकी चोट किस परिस्थिति में लगी, इसे लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों की ओर से इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button