Bihar: पटना में दारोगा अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, मेन्स परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र

पटना: बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को दारोगा भर्ती मुख्य परीक्षा को लेकर प्रतियोगी छात्रों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में दारोगा अभ्यर्थी बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के आरोपों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र ‘मेन्स परीक्षा रद्द करो’ के नारे लगाते हुए जेपी गोलंबर की ओर मार्च कर रहे हैं।
पटना कॉलेज से निकाला गया आक्रोश मार्च
प्रदर्शनकारी छात्रों ने पटना कॉलेज परिसर से आक्रोश मार्च की शुरुआत की। छात्रों का आरोप है कि 27 मई को आयोजित दारोगा भर्ती मुख्य परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया था। यह परीक्षा राज्य में 1799 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई थी।अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने इस मामले को लेकर आर्थिक अपराध इकाई , मुख्यमंत्री कार्यालय और पुलिस महानिदेशक को भी आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जेपी गोलंबर पर पुलिस की सख्त तैयारी
छात्रों के प्रदर्शन और मार्च की सूचना मिलते ही पटना पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए गांधी मैदान और जेपी गोलंबर क्षेत्र में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।पुलिस ने जेपी गोलंबर पर मजबूत बैरिकेडिंग की है। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंगा नियंत्रण दल, वज्र वाहन और वाटर कैनन की भी तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े अभ्यर्थी
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक मुख्य परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई जाती और परीक्षा को रद्द नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।छात्रों का आरोप है कि प्रश्नपत्र वितरण, परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिसकी स्वतंत्र जांच आवश्यक है।
36 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए थे शामिल
जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस मुख्य परीक्षा में राज्य के विभिन्न केंद्रों पर करीब 36 हजार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित की गई थी।इधर, छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।



