Bihar INFACTNews

Bihar: पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर अहले सुबह छात्रों ने ट्रैक जाम कर किया प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पटना: बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मद्य निषेध विभाग भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने ट्रेन में देरी को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और छात्रों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया, ट्रेनों पर चढ़ गए तथा स्टेशन परिसर में पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं।घटना के कारण रेलवे परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया और कई ट्रेनों का संचालन बाधित रहा।

परीक्षा केंद्र पहुंचने की चिंता में भड़के अभ्यर्थी

जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र मद्य निषेध विभाग भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचे थे। अभ्यर्थियों का आरोप था कि ट्रेनों के विलंब के कारण उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में परेशानी हो रही थी।पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि रेलवे की ओर से अभ्यर्थियों के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई थी और दो स्पेशल ट्रेनें पहले से स्टेशन पर उपलब्ध थीं।वहीं, आईजी जितेंद्र राणा ने कहा कि पहली पाली की परीक्षा देने जा रहे कुछ अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाने की चिंता थी, जिसके कारण विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ।

ट्रैक पर उतरकर किया प्रदर्शन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाराज छात्र रेलवे ट्रैक पर उतर गए और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग करने लगे। प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि स्टेशन पर छात्रों की संख्या काफी अधिक थी, जबकि ट्रेनों की उपलब्धता को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। इसी कारण छात्रों का आक्रोश बढ़ गया।

पुलिस से झड़प के बाद बिगड़े हालात

बताया जा रहा है कि प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी छात्रों को समझाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी ट्रैक छोड़ने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने पहले चेतावनी दी और फिर हल्का बल प्रयोग किया।पुलिस कार्रवाई के बाद कुछ प्रदर्शनकारी और उग्र हो गए। आरोप है कि इस दौरान स्टेशन परिसर में पथराव और तोड़फोड़ की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े।सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो में एक पुलिसकर्मी हथियार के साथ मोर्चा संभालते हुए भी दिखाई दिया, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कई पुलिसकर्मी घायल, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हंगामे और पथराव के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्व भी भीड़ में शामिल हो गए थे, जिन्होंने माहौल को हिंसक बनाने की कोशिश की।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

केस दर्ज कर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। प्रशासन ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button