BreakingNewsRajasthan INFACT

Rajasthan: दरा घाटी में रेलवे अंडरपास निर्माण के दौरान हादसा, एक इंजीनियर की मौत

कोटा: कोटा-झालावाड़ एनएच-52 पर दरा घाटी के निकट रेलवे अंडरपास निर्माण के दौरान शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी ढहने से दो इंजीनियर मलबे में दब गए। इस हादसे में इंजीनियर प्रभात सिंह झा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पंकज कुमार झा गंभीर रूप से घायल हो गए।

बॉक्स पुशिंग के दौरान ढही मिट्टी

जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 8 बजे हुई। मौके पर रेलवे अंडरपास के लिए ‘बॉक्स पुशिंग’ का काम चल रहा था, तभी अचानक भारी मात्रा में मिट्टी धंस गई। मिट्टी के नीचे दबने से वहां मौजूद दोनों इंजीनियर गंभीर रूप से फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तुरंत राहत-बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों इंजीनियरों को मलबे से बाहर निकाला गया।

अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे के बाद घायल इंजीनियर पंकज कुमार झा को तुरंत कोटा स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, प्रभात सिंह झा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

रेलवे प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। रेलवे निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है या नहीं, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button