
भोपाल :मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन की खपत कम करने की अपील के बाद बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अब मंत्रियों और उनके काफिले में न्यूनतम वाहन शामिल होंगे तथा वाहन रैली पर रोक लगाई जाएगी।मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश राष्ट्रहित में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए संकल्पित है।
सीएम के कारकेड में रहेंगी कम गाड़ियां
सीएम मोहन यादव ने कहा कि आगामी आदेश तक उनके कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से केवल न्यूनतम आवश्यक वाहन ही शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा भ्रमण के दौरान किसी भी प्रकार की वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी।उन्होंने कहा कि यह कदम ईंधन बचत और सादगी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
मंत्रियों को भी दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी मंत्रियों को भी यात्रा के दौरान कम से कम वाहनों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि नवनियुक्त निगम और मंडल पदाधिकारी भी सादगी के साथ कार्यभार ग्रहण करेंगे।
प्रदेशवासियों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील
मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के लोगों से भी सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें ताकि ईंधन की बचत हो सके।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि “राष्ट्रहित सर्वोपरि है” और सभी नागरिकों को इस दिशा में सहयोग करना चाहिए।



