Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: जदयू विधायक अनंत सिंह को नहीं मिली राहत, अश्लील नृत्य और हथियार प्रदर्शन मामले में 15 मई को होगी सुनवाई

गोपालगंज में वायरल वीडियो मामले में जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अश्लील नृत्य और खुलेआम हथियार प्रदर्शन मामले में अदालत से उन्हें फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। गोपालगंज के एडीजे-1 संजीव कुमार सिंह की अदालत ने अग्रिम जमानत और गिरफ्तारी पर रोक संबंधी याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए मामला प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गीता गुप्ता की अदालत में भेज दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 मई को होगी।

बचाव पक्ष ने बताया राजनीतिक साजिश

विधायक अनंत सिंह की ओर से अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन और राजेश कुमार पाठक ने अदालत में पक्ष रखते हुए वायरल वीडियो को एडिटेड बताया। बचाव पक्ष ने दावा किया कि यह मामला राजनीतिक साजिश के तहत बनाया गया है।वहीं पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। वायरल वीडियो को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) जांच के लिए भेजा जा रहा है, जबकि कार्यक्रम में दिखाए गए हथियारों का बैलेस्टिक परीक्षण कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एमपी-एमएलए कोर्ट में स्थानांतरण की भी हुई चर्चा

जानकारी के अनुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गीता गुप्ता की अनुपस्थिति में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संजीव कुमार सिंह की अदालत में प्रारंभिक सुनवाई हुई। इस दौरान मामले को एमपी-एमएलए कोर्ट में स्थानांतरित करने की चर्चा भी हुई, लेकिन बाद में सुनवाई के लिए 15 मई की तारीख प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में तय की गई।

वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

पूरा मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर अश्लील नृत्य और प्रतिबंधित हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन दिखाई दिया था। मामले में विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी कलाकार गुंजन सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button