Bihar INFACTNews

Bihar: वैशाली में घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ अंचल अमीन, जमीन मापी और परिमार्जन के लिए मांगे थे लाखों रुपये

वैशाली:बिहार के वैशाली जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई ने लालगंज अंचल के अमीन सुजीत कुमार को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन की मापी और परिमार्जन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।विशेष निगरानी इकाई की टीम ने आरोपी अमीन को 60 हजार रुपये घूस लेते हुए दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को उसे निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।

जमीन मापी और परिमार्जन के लिए मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार वैशाली के सराय थाना क्षेत्र के एनायतपुर प्रबोधी गांव निवासी आनंद कुमार और लालगंज थाना क्षेत्र के मुर्गियाचक निवासी पप्पू कुमार ने एसवीयू में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत में आरोप लगाया गया कि अंचल अमीन सुजीत कुमार जमीन की मापी और परिमार्जन कार्य करने के बदले रिश्वत मांग रहा था। आरोप के मुताबिक पप्पू कुमार की जमीन से जुड़े कार्य के लिए तीन लाख रुपये जबकि आनंद कुमार के परिमार्जन कार्य के लिए 60 हजार रुपये की मांग की गई थी।

सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल

विशेष निगरानी इकाई ने शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद छापेमारी टीम का गठन किया गया।सोमवार को पटना से पहुंची एसवीयू टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन अधिकारियों और जवानों ने उसे पकड़ लिया।

खुलेआम मांग रहा था घूस

एसवीयू अधिकारी ललित विजय तिवारी ने बताया कि आरोपी अमीन खुलेआम रिश्वत की मांग कर रहा था। उसने शिकायतकर्ताओं को धमकी दी थी कि बिना पैसे दिए जमीन की मापी और परिमार्जन का काम नहीं किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 7 मई को शिकायत दर्ज हुई थी, जिसके बाद जांच कर कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

भ्रष्टाचार पर सरकार की सख्ती

बिहार सरकार लगातार राजस्व विभाग और जमीन से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार खत्म करने का दावा कर रही है। इससे पहले भी कई राजस्व कर्मियों और अधिकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। बावजूद इसके जमीन मापी, दाखिल-खारिज और परिमार्जन जैसे कार्यों में रिश्वतखोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button