Bengal : शपथ लेते ही एक्शन में सीएम शुभेंदु अधिकारी, कानून-व्यवस्था पर हाई लेवल मीटिंग

कोलकाता : शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद प्रशासनिक मोर्चे पर तेजी दिखानी शुरू कर दी है। बीजेपी के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को लागू करने और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उन्होंने अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें शुरू कर दी हैं।
कानून-व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों संग समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव दुष्यंत नरियाला, पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। सूत्रों के मुताबिक बैठक में अजय नंदा भी मौजूद थे।बैठक में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था, चुनाव बाद की स्थिति और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सोमवार को होगी डीजी, सीपी और एसपी के साथ बड़ी बैठक
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री सोमवार शाम 5 बजे नबन्ना में राज्य के सभी डीजी, पुलिस कमिश्नर और एसपी के साथ बड़ी समीक्षा बैठक करेंगे। यह शुभेंदु अधिकारी की पुलिस प्रशासन के साथ पहली औपचारिक बड़ी बैठक होगी।इस मीटिंग में खासतौर पर चुनाव बाद हिंसा की घटनाएं,महिलाओं की सुरक्षा,संवेदनशील जिलों की स्थिति,अपराध नियंत्रण की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
टीएमसी सरकार की योजनाएं जारी रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस सरकार की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि जनता से जुड़ी योजनाएं बिना किसी बाधा के जारी रहें और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राइटर्स बिल्डिंग के जीर्णोद्धार की ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय के रूप में विकसित किए जा रहे रायटर बिल्डिंग के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इसे फिर से प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।
सुब्रत गुप्ता बने मुख्यमंत्री के सलाहकार
राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुब्रता गुप्ता को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया है। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक अनुभव और नीति समन्वय में उनकी भूमिका नई सरकार के लिए अहम होगी।
शांतनु बाला बने निजी सचिव
सरकार ने 2017 बैच के आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव नियुक्त किया है। इससे पहले वे दक्षिण 24 परगना में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत थे।
सरकार गठन के बाद प्रशासनिक पुनर्गठन शुरू
नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय और प्रशासनिक ढांचे में बड़े स्तर पर फेरबदल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई और अहम प्रशासनिक फैसले लिए जा सकते हैं।



