Entertainment: जैकी श्रॉफ की ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो 29 मई को सिनेमाघरों में होगी रिलीज, दादा-पोते की कहानी में दिखेगा इमोशन और एक्शन

मनोरंजन डेस्क: जैकी श्रॉफ इन दिनों अपनी आगामी फिल्म द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म की रिलीज डेट आधिकारिक तौर पर घोषित कर दी गई है।यह फिल्म 29 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज डेट सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है।
टीजर को मिला शानदार रिस्पॉन्स
फिल्म का टीजर पहले ही जारी किया जा चुका है, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। टीजर में दादा-पोते के रिश्ते को सुपरहीरो अंदाज में दिखाया गया है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा।इस बार जैकी श्रॉफ किसी पारंपरिक हीरो या विलेन की भूमिका में नहीं, बल्कि एक अनोखे सुपरहीरो अवतार में नजर आने वाले हैं।
दादा-पोते की कहानी में इमोशन और रोमांच
जी स्टूडियोज और आमदावाद फिल्म्स की यह फिल्म भारतीय सुपरहीरो फिल्मों में एक नया प्रयोग मानी जा रही है।फिल्म की कहानी एक बच्चे की कल्पनाओं की दुनिया पर आधारित है, जहां दादा और पोते का रिश्ता एक खास सुपरहीरो सफर में बदल जाता है।कहानी में भावनाओं के साथ-साथ जबरदस्त एक्शन, एलियंस और रहस्यमयी घटनाओं का रोमांच भी देखने को मिलेगा।
जैकी श्रॉफ का किरदार होगा सबसे अलग
फिल्म में जैकी श्रॉफ का किरदार बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाला बताया जा रहा है।फिल्म को लेकर जैकी श्रॉफ ने कहा,“हम इस फिल्म के जरिए हर बच्चे का सपना दिखाना चाहते हैं। अगर इंसान दिल से हमेशा जवान रहे और 90 साल की उम्र तक मजबूत बना रहे, वही असली सुपरहीरो है।”उन्होंने कहा कि बच्चों के सपने सबसे ज्यादा अहम होने चाहिए।
नेशनल अवॉर्ड विजेता मनीष सैनी ने किया निर्देशन
फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता मनीष सैनी ने किया है।फिल्म में प्रतीक स्मिता पाटिल, भाग्यश्री दसानी और शरत सक्सेना जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।इसके अलावा मिहिर गोडबोले, दुर्गेश कुमार, सहर्ष शुक्ला, शिवांश चोरगे और कुमार सौरभ भी फिल्म का हिस्सा हैं।
बच्चों और परिवारों के लिए खास फिल्म
‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ को फैमिली एंटरटेनर माना जा रहा है, जिसमें बच्चों की कल्पनाओं, रिश्तों और सुपरहीरो दुनिया का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा।



