
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद सोमवार को अचानक अपने समर्थकों के साथ प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर धाम स्थित नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठ गए। इस विरोध प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
निषादराज किले के पास ‘मस्जिद’ हटाने की मांग
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का यह विरोध श्रृंगवेरपुर धाम क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध कब्जों को लेकर है।मंत्री का आरोप है कि निषादराज गुहा के प्राचीन किले के पास एक मस्जिद का निर्माण किया गया है, जिसे तत्काल हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम भगवान राम और उनके बाल सखा निषादराज गुहा की ऐतिहासिक मित्रता का प्रतीक है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण इस पवित्र स्थल की गरिमा को प्रभावित कर रहा है।
पर्यटन सर्किट और अव्यवस्था पर नाराजगी
धरने के दौरान डॉ. संजय निषाद ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। मंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार ने श्रृंगवेरपुर धाम को पर्यटन सर्किट में शामिल किया है और यहाँ भगवान राम व निषादराज की विशाल प्रतिमा व भव्य पार्क बनाया है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण यहाँ गंदगी का अंबार लगा है।उन्होंने पार्क के रखरखाव में कोताही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, प्रशासन के हाथ-पांव फूले
बड़ी संख्या में निषाद पार्टी के कार्यकर्ता झंडे और बैनर लेकर हाईवे पर डटे रहे, जिससे घंटों तक आवाजाही बाधित रही। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन के आला अधिकारी मंत्री को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। डॉ. संजय निषाद ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जब तक अवैध कब्जों को हटाने और क्षेत्र को संरक्षित करने की उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन और धरना जारी रहेगा।
“श्रृंगवेरपुर हमारी आस्था का केंद्र है। यहाँ हो रहे अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को तुरंत एक्शन लेना होगा।” — डॉ. संजय निषाद, कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश



