BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand:धनबाद में प्रिंस खान के शूटर और रांची पुलिस के बीच मुठभेड़, तीन घायल 

धनबाद/रांची: झारखंड पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह की कमर तोड़ दी है। रांची के एक रेस्टोरेंट में हुए गोलीकांड के बाद फरार चल रहे शूटर्स को पुलिस ने धनबाद के भागाबाँध ओपी क्षेत्र में एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। इस एनकाउंटर में दो अपराधियों को गोली लगी है, जबकि एक भागने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हो गया है।

खंडहर में छिपे थे अपराधी, पुलिस ने घेरा

धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के अनुसार, रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजधानी के होटल/रेस्टोरेंट में फायरिंग करने वाले शूटर धनबाद के भागाबाँध इलाके में छिपे हैं। सूचना मिलते ही रांची पुलिस धनबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक स्पेशल टीम बनाई गई।पुलिस ने जब एक पुराने खंडहर की घेराबंदी की, तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।

घायल अपराधियों की पहचान

पुलिस की कार्रवाई में प्रिंस खान गैंग के तीन प्रमुख शूटर घायल हुए हैं,जिसमे अमन सिंह उर्फ कुबेर: पलामू निवासी (पैर में गोली लगी), विक्की डोम: धनबाद निवासी (पैर में गोली लगी,अफजल अमन: धनबाद निवासी (छत से कूदकर भागने के चक्कर में पैर टूटा) जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से न केवल अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं, बल्कि विस्फोटक भी जब्त किए गए हैं। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि यह गैंग धनबाद या रांची में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।

रांची और धनबाद में दहशत फैला रहे थे शूटर

गिरफ्तार अपराधी रांची के चर्चित रेस्टोरेंट गोलीकांड में शामिल थे। इसके अलावा, पिछले कुछ दिनों में धनबाद में हुई फायरिंग की घटनाओं में भी इन्हीं शूटर्स का हाथ बताया जा रहा है। प्रिंस खान गैंग इन दिनों रंगदारी के लिए व्यापारियों और संस्थानों को निशाना बना रहा है, जिस पर पुलिस का यह प्रहार एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button