Bihar: हाजीपुर में शौचालय की टंकी में एक ही परिवार के 7 लोग गिरे,दम घुटने से 4 लोगों की मौत

हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर में एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। मामला सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव का बताया जा रहा है।
एक-दूसरे को बचाने में गई चार लोगों की जान
मिली जानकारी के अनुसार, शौचालय की टंकी में जहरीली गैस के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पहले एक व्यक्ति टंकी में उतरा, जिसके बाद उसे बचाने के लिए अन्य लोग भी एक-एक कर टंकी में चले गए। टंकी के अंदर मौजूद जहरीली गैस की वजह से दम घुटने से सभी की मौत हो गई।इस हादसे में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
शादी के एक सप्ताह बाद ही हो गई मौत
इस हादसे में मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। मृतकों में आनंद कुमार, राहुल कुमार और पंकज कुमार शामिल हैं, जो आपस में भाई थे। वहीं मृतक राहुल कुमार, आनंद कुमार का पुत्र था।बताया जा रहा है कि राहुल कुमार की शादी 24 फरवरी को हुई थी। शादी के महज एक सप्ताह के भीतर ही उसकी मौत हो जाने से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों में मचा कोहराम, प्रशासन मौके पर
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।



