
प्रतापगढ़:उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता लाल बहादुर यादव की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बाबूगंज बाजार के पास एक पेट्रोल पंप के सामने हाईमास्ट लाइट का पोल खड़ा किया जा रहा था और अचानक असंतुलित होकर चलती कार पर गिर पड़ा।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार, यह मामला अंतू थाना क्षेत्र का है। बाबूगंज बाजार निवासी सपा नेता लाल बहादुर यादव रविवार दोपहर कार से शहर की ओर जा रहे थे।इसी दौरान बाबूगंज स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने हाईमास्ट लाइट का पोल लगाया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पोल अचानक असंतुलित होकर सीधे कार पर गिर गया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे नेता गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें कार से बाहर निकाला और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अंतू पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पेट्रोल पंप परिसर में हाईमास्ट पोल खड़ा करते समय वह अचानक गिरकर कार पर आ गिरा।
पुलिस की कार्रवाई
प्रतापगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर जानकारी देते हुए कहा कि मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।साथ ही घटना में शामिल हाइड्रा/क्रेन को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



