BreakingNewsUP INFACT

Uttar Pradesh: लखनऊ में एनएसजी और यूपी एटीएस का 50 मिनट का आतंकरोधी अभ्यास, हेलीकॉप्टर से उतरे कमांडो ने आतंकियों को किया ढेर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी और यूपी एटीएस के कमांडो ने आतंकवादी हमले से निपटने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने करीब 50 मिनट तक चले इस जीवंत अभ्यास में 12 मंजिला इमारत में आतंकियों की घुसपैठ, बंधक बनाए जाने और उन्हें सुरक्षित निकालने जैसी परिस्थितियों का पूर्वाभ्यास किया गया। संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ पर सुरक्षा बलों ने पांच अलग-अलग परिस्थितियों में कार्रवाई का प्रदर्शन किया।

12 मंजिला इमारत में घुसे आतंकियों को कमांडो ने किया ढेर

अभ्यास के दौरान पुलिस लाइन में अचानक सायरन बजता है। सूचना मिलती है कि 12 मंजिला इमारत के बी ब्लॉक में आठ से दस आतंकियों ने घुसपैठ कर कई लोगों को बंधक बना लिया है। स्थानीय पुलिस तत्काल मोर्चा संभालती है और जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराती है। इसके बाद बंधकों की मौजूदगी को देखते हुए ऑपरेशन की कमान एनएसजी को सौंप दी जाती है।कुछ ही देर में आसमान में हेलीकॉप्टर दिखाई देता है। उससे रस्सियों के सहारे उतरकर एनएसजी कमांडो इमारत की छत पर पहुंचते हैं। कुछ जवान रस्सियों से नीचे उतरते हैं, जबकि अन्य रेलिंग और छज्जों के रास्ते भवन में दाखिल होते हैं। कमांडो अलग-अलग मंजिलों पर मोर्चा संभालते हुए आतंकियों को एक-एक कर ढेर कर देते हैं। इसके बाद बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरी इमारत को अपने नियंत्रण में ले लिया जाता है।

प्रशिक्षित डॉग जानी ने भी लिया अभ्यास में हिस्सा

इस संयुक्त अभ्यास में एनएसजी की के-9 टीम के प्रशिक्षित डॉग ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान वीवीआईपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव और आतंकी हमले जैसी परिस्थितियों से निपटने का प्रदर्शन किया गया।वीवीआईपी सुरक्षा के अभ्यास में काल्पनिक नेता के वाहन से उतरने और जनता की ओर हाथ हिलाने के दौरान सुरक्षा घेरे की व्यवस्था दिखाई गई। इस दौरान काल्पनिक नेता को जनता की ओर हाथ हिलाते देखकर मुख्यमंत्री, डीजीपी समेत मंच पर मौजूद लोग मुस्कुराने लगे।कार्यक्रम की शुरुआत में एनएसजी के डॉग जानी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

एक महीने तक चलेगा एनएसजी और यूपी एटीएस का संयुक्त प्रशिक्षण

डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूपी एटीएस के कमांडो को आधुनिक तकनीक, आतंकवाद निरोधक रणनीति और त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य दोनों बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ उनकी ऑपरेशनल क्षमता को बढ़ाना है।

आतंकियों के लिए भारत की सुरक्षा नीति में कोई जगह नहीं : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय मिलेगा, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा। बदलती वैश्विक चुनौतियों के बीच सुरक्षा बलों को आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय और बेहतर टीमवर्क के साथ तैयार रहना होगा।उन्होंने कहा कि एनएसजी और यूपी पुलिस का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यह नए भारत के उस संकल्प का प्रतीक है, जहां सुरक्षा बल हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी करते हैं। यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व है। प्रयागराज कुंभ-2019 और महाकुंभ-2025 में करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा इसका उदाहरण है।

15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए : मुख्यमंत्री

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को तकनीक और आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया गया है। सभी 75 जिलों में साइबर थाने खोले गए हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यूपी-112 का रिस्पांस टाइम 65 मिनट से घटाकर पांच से सात मिनट तक किया गया है। प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट सक्रिय हैं।मुख्यमंत्री ने दावा किया कि डकैती की घटनाओं में 84 प्रतिशत और लूट की घटनाओं में 77 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। अपराधियों और माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को जब्त और ध्वस्त किया गया है।उन्होंने आगाह किया कि आतंकी अब हवाला नेटवर्क, फेक करेंसी, साइबर अपराध और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भी देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई आतंकी डार्क वेब या क्रिप्टो वॉलेट के पीछे नहीं छिप सकेगा। सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button