BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां में 941 आवासों का निर्माण पूरा, गृह प्रवेश सप्ताह के तहत लाभुकों को मिलेगा सम्मान

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में आवास योजनाओं के तहत बनाए गए घरों में लाभुकों का गृह प्रवेश पूरे उत्साह के साथ कराया जा रहा है। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित सामूहिक गृह प्रवेश उत्सवों में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों और स्थानीय पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। यह आयोजन ‘गृह प्रवेश सप्ताह’ के तहत किया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में 941 आवासों का निर्माण पूरा

जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान विभिन्न आवास योजनाओं के तहत कुल 941 आवासों का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 483, अबुआ आवास योजना के 416, पीएम-जनमन योजना के 25 और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के 17 आवास शामिल हैं।

महिला लाभुकों को प्रमाण-पत्र और पौधा देकर किया जा रहा सम्मानित

आवास निर्माण और उसे समय पर पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिला लाभुकों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक लाभुक को व्यक्तिगत बधाई प्रमाण-पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया जा रहा है। साथ ही उन्हें अपने घर के पास फलदार या छायादार पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।इसके अलावा लाभुकों को वर्षा जल संचयन, स्वच्छता और पोषण वाटिका के महत्व के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। आवास निर्माण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजमिस्त्रियों, पंचायत सचिवों और आवास योजना के कर्मियों को भी सम्मानित किया जा रहा है।

आवास के साथ अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी मिलेगा लाभ

प्रशासन का जोर है कि पात्र लाभुकों को केवल आवास तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें स्वच्छता, पेयजल, मुफ्त बिजली कनेक्शन और आजीविका से जुड़ी अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिले। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन पूर्ण आवासों में अब तक गृह प्रवेश नहीं हुआ है, उनमें ‘गृह प्रवेश सप्ताह’ के दौरान अनिवार्य रूप से गृह प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही सभी पात्र लाभुकों को आवास के साथ अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button