Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: टीएमएच में मरीजों को मिलीं चार नई सुविधाएं, निःशुल्क ‘सेवा सवारी’ और बायोगैस प्लांट की शुरुआत

जमशेदपुर: टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार नई सुविधाओं की शुरुआत की है। बुधवार को इन सुविधाओं का उद्घाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने किया। इस अवसर पर टाटा स्टील की महाप्रबंधक (मेडिकल सर्विसेज) डॉ. विनिता सिंह भी मौजूद रहीं।शुरू की गई नई सुविधाओं में निःशुल्क इलेक्ट्रिक वाहन आधारित ‘सेवा सवारी’, वातानुकूलित इमरजेंसी वेटिंग हॉल, प्रतिदिन 50 किलोग्राम क्षमता वाला बायोगैस प्लांट और फ्रंट केबिन से रेडियोलॉजी विभाग को जोड़ने वाला ओवरहेड कॉरिडोर शामिल हैं।

तीन इलेक्ट्रिक वाहनों से मिलेगी निःशुल्क ‘सेवा सवारी’

अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में होने वाली परेशानी को देखते हुए ‘सेवा सवारी’ शुरू की गई है। इसके तहत तीन इलेक्ट्रिक वाहन लगाए गए हैं। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क होगी और प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

इमरजेंसी मरीजों के परिजनों के लिए वातानुकूलित वेटिंग हॉल

इमरजेंसी में भर्ती मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल के वेटिंग हॉल को वातानुकूलित बनाया गया है। इसका उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में मरीजों के परिजनों को आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराना है।

भोजन के अवशेष से बनेगी बायोगैस और जैविक खाद

पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए अस्पताल की रसोई के समीप 50 किलोग्राम प्रतिदिन क्षमता वाला बायोगैस प्लांट स्थापित किया गया है। इसमें भोजन के अवशेष और सब्जियों के छिलकों का इस्तेमाल कर बायोगैस और जैविक खाद तैयार की जाएगी।इस पहल से रसोई से निकलने वाले जैविक कचरे का बेहतर प्रबंधन होगा और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी।

फ्रंट केबिन और रेडियोलॉजी विभाग के बीच बना ओवरहेड कॉरिडोर

अस्पताल में मरीजों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए फ्रंट केबिन और रेडियोलॉजी विभाग के बीच ओवरहेड कनेक्टिंग कॉरिडोर बनाया गया है। इससे मरीजों को एक विभाग से दूसरे विभाग तक पहुंचने में सुविधा होगी और अस्पताल की आंतरिक कार्यप्रणाली भी अधिक सुचारू बनेगी।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

उद्घाटन कार्यक्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, जनरल सेक्रेटरी सतीश कुमार सिंह, टीएमएच के चीफ मेडिकल इंडोर सर्विसेज डॉ. अशोक सुंदर, चीफ मेडिकल सपोर्ट सर्विसेज डॉ. ममता रथ दत्ता, कॉरपोरेट सर्विसेज के चीफ वरुण बजाज, चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी और हेड एडमिनिस्ट्रेशन सिंह राजन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button