BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: चतरा में नौकरी का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

चतरा: नौकरी दिलाने का लालच देकर बेरोजगार लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड हासिल कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का चतरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3 लाख 70 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सामान बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में इस साइबर ठगी नेटवर्क के तार नाइजीरिया से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।मंगलवार को सदर थाना परिसर में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से बैंक खाते और अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल कर रहे हैं। बाद में इन खातों का इस्तेमाल अवैध पैसों के लेनदेन के लिए किया जा रहा था।

एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की छापेमारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनिमेस नैथानी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनीष कुमार, दीपक कुमार पासवान, मुस्कान परवीन, इमामुल अंसारी और सोनू कुमार के रूप में हुई है। सभी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

3.70 लाख रुपये नकद और 15 एटीएम कार्ड बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से 3 लाख 70 हजार रुपये नकद, एक कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल, 15 एटीएम कार्ड, आठ मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा सोने की चेन, तीन घड़ियां, ट्रॉली बैग और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।पुलिस के अनुसार, गिरोह बेरोजगार लोगों को नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड हासिल करता था। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेनदेन में किए जाने की आशंका है।

नाइजीरिया से कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी नेटवर्क का कनेक्शन नाइजीरिया से जुड़ने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपितों ने अब तक कितने लोगों के बैंक खाते और सिम कार्ड हासिल किए हैं तथा इनके माध्यम से कितनी रकम का लेनदेन किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button