Jharkhand: जमशेदपुर में 10 से 29 दिसंबर तक होगा महिला फुटबॉल का रोमांच, इंडियन वीमेंस लीग के 18 मैचों की मिली मेजबानी

जमशेदपुर: खेल नगरी जमशेदपुर में दिसंबर महीने के दौरान महिला फुटबॉल का रोमांच देखने को मिलेगा। इंडियन वीमेंस लीग 2026-27 के कुल 18 मुकाबलों की मेजबानी शहर को मिली है। ये मैच 10 से 29 दिसंबर तक जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ और कैप्री स्पोर्ट्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस लीग का आगाज 13 नवंबर 2026 से होगा। इस बार कोलकाता और बेंगलुरु के साथ जमशेदपुर को भी मुकाबलों के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।जमशेदपुर में लीग के मैचों के आयोजन से स्थानीय फुटबॉल प्रेमियों को देश की शीर्ष महिला फुटबॉल टीमों का खेल करीब से देखने का अवसर मिलेगा। शहर में मुकाबलों की शुरुआत 10 दिसंबर को मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी और हॉप्स एफसी के बीच मैच से होगी।
10 दिसंबर से शुरू होंगे जमशेदपुर के मुकाबले
जमशेदपुर में 11 दिसंबर को गोकुलम केरल एफसी का सामना जुबा संघ एफसी से होगा। 12 दिसंबर को सेतु एफसी और बीबीएफएस गढ़वाल यूनाइटेड एफसी आमने-सामने होंगी। वहीं, 14 दिसंबर को किकस्टार्ट एफसी और नीता फुटबॉल अकादमी के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इसी दिन ईस्ट बंगाल एफसी की भिड़ंत जुबा संघ एफसी से भी होगी।15 दिसंबर को गोकुलम केरल एफसी और हॉप्स एफसी के बीच मैच निर्धारित है। इसके बाद 17 दिसंबर को किकस्टार्ट एफसी और बीबीएफएस गढ़वाल यूनाइटेड एफसी के बीच टक्कर होगी। 18 दिसंबर को नीता फुटबॉल अकादमी का सामना सेतु एफसी से होगा। इसी दिन गोकुलम केरल एफसी और ईस्ट बंगाल एफसी की टीमें भी मैदान पर उतरेंगी।
क्रिसमस पर भी होंगे दो मुकाबले
19 दिसंबर को हॉप्स एफसी और जुबा संघ एफसी के बीच मुकाबला खेला जाएगा। 21 दिसंबर को बीबीएफएस गढ़वाल यूनाइटेड एफसी और नीता फुटबॉल अकादमी आमने-सामने होंगी, जबकि 22 दिसंबर को सेतु एफसी और किकस्टार्ट एफसी के बीच मैच होगा।क्रिसमस के मौके पर भी जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फुटबॉल का उत्साह बना रहेगा। 24 दिसंबर को बीबीएफएस गढ़वाल यूनाइटेड एफसी का सामना जुबा संघ एफसी से होगा। 25 दिसंबर को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में ईस्ट बंगाल एफसी और नीता फुटबॉल अकादमी भिड़ेंगी, जबकि दूसरे मैच में हॉप्स एफसी और किकस्टार्ट एफसी के बीच मुकाबला होगा।26 दिसंबर को गोकुलम केरल एफसी और सेतु एफसी आमने-सामने होंगी। इसके बाद 28 दिसंबर को ईस्ट बंगाल एफसी का मुकाबला किकस्टार्ट एफसी से होगा। जमशेदपुर में इस चरण का अंतिम मैच 29 दिसंबर को बीबीएफएस गढ़वाल यूनाइटेड एफसी और गोकुलम केरल एफसी के बीच खेला जाएगा।
आठ टीमें खिताब के लिए पेश करेंगी दावेदारी
आईडब्ल्यूएल 2026-27 में कुल आठ टीमें खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी। इनमें मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी के अलावा सेतु एफसी, किकस्टार्ट एफसी, नीता फुटबॉल अकादमी, गोकुलम केरल एफसी और बीबीएफएस गढ़वाल यूनाइटेड एफसी शामिल हैं।वहीं, आईडब्ल्यूएल-2 से प्रमोशन हासिल करने वाली हॉप्स एफसी और जुबा संघ एफसी को भी मुख्य लीग में जगह मिली है। मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी के सामने अपना खिताब बचाने की चुनौती होगी, जबकि अन्य टीमें उसे कड़ी टक्कर देने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।जमशेदपुर में 18 मुकाबलों का आयोजन शहर के खेल प्रेमियों के लिए खास मौका होगा। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स महिला फुटबॉल के रोमांच का प्रमुख केंद्र बनेगा।



