EntertainmentNews

Entertainment: ‘स्कैम 2010’ का धमाकेदार टीजर जारी, सुब्रत रॉय के किरदार में दिखेंगे सिद्धार्थ बोडके

मनोरंजन डेस्क : ओटीटी दर्शकों के लिए वित्तीय घोटाले की एक और कहानी आने वाली है। हंसल मेहता की चर्चित ‘स्कैम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त ‘स्कैम 2010: द सुब्रत रॉय सागा’ का पहला टीजर जारी कर दिया गया है। यह सीरीज सहारा ग्रुप के संस्थापक सुब्रत रॉय के जीवन और उनसे जुड़े विवादों पर आधारित है। टीजर में अभिनेता सिद्धार्थ बोडके सुब्रत रॉय की भूमिका में नजर आ रहे हैं।

जारी हुआ ‘स्कैम 2010’ का पहला टीजर

टीजर की शुरुआत ‘स्कैम’ फ्रेंचाइजी के पहले सीजन ‘स्कैम 1992’ की झलक से होती है, जिसमें प्रतीक गांधी ने हर्षद मेहता का किरदार निभाया था। इसके बाद दूसरे सीजन ‘स्कैम 2003’ की झलक दिखाई जाती है। फिर सिद्धार्थ बोडके सुब्रत रॉय के लुक में नजर आते हैं।टीजर में सिद्धार्थ बोडके सूट-बूट पहने एक होटल की लॉबी में दिखाई देते हैं। इस दौरान उनका डायलॉग है, “लोगों का हम पर भरोसा और यकीन है।” इसके बाद वह कहते हैं, “हम लोगों के लिए एक सहारा हैं और ये सहारा अभी तक हारा नहीं है।” टीजर सामने आने के बाद दर्शकों के बीच सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

‘स्कैम 2010’ का डायलॉग हो रहा चर्चा में

‘स्कैम’ फ्रेंचाइजी अपनी दमदार अदाकारी और यादगार संवादों के लिए जानी जाती है। ‘स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी’ का डायलॉग ‘रिस्क है तो इश्क है’ काफी लोकप्रिय हुआ था। वहीं, ‘स्कैम 2003’ का संवाद ‘डेयरिंग तो करना पड़ेगा ना डार्लिंग’ भी दर्शकों के बीच चर्चा में रहा।अब ‘स्कैम 2010’ का डायलॉग ‘हम लोगों के लिए एक सहारा हैं और ये सहारा अभी तक हारा नहीं है’ टीजर जारी होने के साथ ही सुर्खियों में है।

कब और कहां रिलीज होगी ‘स्कैम 2010’?

सुब्रत रॉय की जिंदगी पर आधारित यह सीरीज जनवरी 2027 में रिलीज होने वाली है। इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लीव पर स्ट्रीम किया जाएगा। सीरीज में सिद्धार्थ बोडके मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। हंसल मेहता एक बार फिर वित्तीय दुनिया से जुड़ी घटनाओं और विवादों को पर्दे पर पेश करने जा रहे हैं।

कौन हैं अभिनेता सिद्धार्थ बोडके?

सिद्धार्थ बोडके मराठी मनोरंजन जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने मराठी टीवी शो ‘तू अशी जवली रहा’ से पहचान बनाई। इसके अलावा वह हिंदी टीवी शो ‘गुम है किसी के प्यार में’ में भी नजर आ चुके हैं। फिल्मों की बात करें तो सिद्धार्थ ‘दृश्यम 2’ और ‘देवा’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने मराठी फिल्मों ‘पुन्हा शिवाजीराजे भोसले’ और ‘श्रीदेवी प्रसन्ना’ में भी काम किया है।‘स्कैम 2010’ के टीजर ने सीरीज को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। अब सभी की नजरें इसकी रिलीज और सुब्रत रॉय के किरदार में सिद्धार्थ बोडके की अदाकारी पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button