Jharkhand: गिरिडीह में अन्नपूर्णा देवी का राहुल गांधी और हेमंत सरकार पर हमला, एसआईआर पर भी साधा निशाना

गिरिडीह: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सोमवार को गिरिडीह पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। राहुल गांधी की बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता उनकी काबिलियत जानती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी मॉक पार्लियामेंट तक ही ठीक हैं।
राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का आरोप
अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी भाषा और बयानबाजी उनकी अपनी नहीं लगती और ऐसा प्रतीत होता है कि वे किसी विदेशी रिमोट से संचालित हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस को देश की तरक्की और विकास रास नहीं आ रहा है।
हेमंत सोरेन सरकार पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने टैक्स और स्टांप ड्यूटी में बढ़ोतरी कर आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ाया है। उनके मुताबिक, राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ा है और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।खनन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि खनन गतिविधियों पर रोक के बावजूद अवैध खनन जारी है और इससे कुछ लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले में सरकारी संरक्षण होने का भी आरोप लगाया।
गम्हरिया थाने की घटना का किया जिक्र
राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में थाने के अंदर महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब थाने के अंदर ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और वह जनता के हितों के बजाय अपने फायदे पर ध्यान दे रही है।



