Bihar: मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन फटने से लगी आग, एक की मौत और चार घायल

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के लिए सड़क की खोदाई के दौरान जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटने के बाद गैस का तेज गति से रिसाव होने लगा। कुछ ही देर में गैस में आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद एहतियातन आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया।
खोदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइपलाइन
घटना मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित गोबरसही की है। बताया जा रहा है कि नाला निर्माण के लिए सड़क की खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान मशीन की चपेट में आने से जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पाइपलाइन से तेजी से गैस का रिसाव होने लगा।
गैस रिसाव के बाद भड़की आग, इलाके में दहशत
गैस रिसाव के कुछ ही देर बाद आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं।
पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग की टीम को भी सूचना दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को खाली कराया गया, ताकि गैस रिसाव और आग से होने वाले संभावित नुकसान को रोका जा सके। अधिकारियों की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



