Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर में पीडीएस डीलरों की कार्यशाला, छह महीने तक शिकायत नहीं मिलने वाले डीलर सम्मानित

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के सिरडीह टाउन हॉल में सोमवार को जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) की कार्यशाला सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुचारू बनाने के साथ सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब एक हजार जनवितरण प्रणाली के डीलरों ने हिस्सा लिया।

बेहतर कार्य करने वाले डीलरों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान पारदर्शी तरीके से काम करने और पिछले छह महीनों में जिनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं मिली, ऐसे चयनित डीलरों को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, डायरी, पौधा और शॉल देकर प्रोत्साहित किया गया।सम्मान मिलने से डीलरों में उत्साह देखा गया। इस पहल का उद्देश्य जनवितरण प्रणाली के तहत बेहतर सेवाएं देने वाले डीलरों को प्रोत्साहित करना और अन्य डीलरों को भी पारदर्शिता के साथ काम करने के लिए प्रेरित करना रहा।

राशन और सर्वर की समस्याएं उठाईं

बैठक में डीलरों ने राशन वितरण के दौरान आने वाली समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। उन्होंने समय पर खाद्यान्न उपलब्ध नहीं होने, वितरण प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं और सर्वर की समस्या से होने वाली परेशानियों की ओर ध्यान दिलाया।अधिकारियों ने डीलरों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। बैठक में विभाग और डीलर्स एसोसिएशन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

विभाग और एसोसिएशन मिलकर करेंगे काम

कार्यशाला में जिला प्रबंधक (राज्य खाद्य निगम), जिला आपूर्ति पदाधिकारी, शेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के जिला महासचिव प्रमोद गुप्ता, जिला सचिव, महिला समिति की सदस्याएं, विभिन्न क्षेत्रों के संघ प्रतिनिधि और सभी प्रखंडों के डीलर उपस्थित रहे।अधिकारियों ने कहा कि विभाग और डीलर्स एसोसिएशन के आपसी सहयोग से जनवितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में राशन वितरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान और लाभुकों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाने की व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button