Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: चाईबासा में स्कूटी चोरी का खुलासा, कुछ घंटों में दो आरोपी गिरफ्तार; झाड़ियों से बरामद हुई गाड़ी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर चोरी गई टीवीएस स्कूटी बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपरसाई निवासी यश गोप उर्फ मोटू (20) और विवेक तियु (21) के रूप में हुई है।शनिवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

श्याम भंडार के पास खड़ी स्कूटी हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार, एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी विशाल कुमार वर्मा ने 30 अक्टूबर 2026 को सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 29 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे उन्होंने अपनी टीवीएस स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH06U-0799) टुंगरी स्थित श्याम भंडार के पास खड़ी की थी। इसके बाद वह एक दोस्त से मिलने चले गए।कुछ देर बाद लौटने पर स्कूटी वहां से गायब मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर सदर थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की गई।

जटिया स्कूल के पीछे झाड़ियों से मिली स्कूटी

मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल बनाया गया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई टीवीएस स्कूटी जटिया स्कूल के पीछे झाड़ियों से बरामद की गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है।

यश गोप के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी यश गोप उर्फ मोटू के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी समेत अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में वाहन चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।पुलिस ने यह भी बताया कि 1 दिसंबर 2025 को चाईबासा के सेंट्रल होटल के सामने एक ही रात में तीन वाहन चोरी होने के मामले में भी यश गोप को गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 127/22, 07/24 और 193/25 तथा सदर थाना में कांड संख्या 97/23 और 102/25 दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ बहामन टूटी, सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर चौधरी, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, सदर थाना के अनुसंधानकर्ता जितेन्द्र करमाली तथा सदर और मुफस्सिल थानों के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button