Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: पीएलएफआई का जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा समेत चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और प्रतिबंधित पर्चे बरामद

गुमला: झारखंड को उग्रवादमुक्त बनाने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे लगातार अभियानों के बीच गुमला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने जिले के कामडारा थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खूंखार जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकुरा समेत चार उग्रवादियों को धर दबोचा है।गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से पुलिस ने कई अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और संगठन के प्रतिबंधित पर्चे बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, कामडारा थाना क्षेत्र में पीएलएफआई के जोनल कमांडर और उसके अन्य सहयोगियों के किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी।सूचना के आधार पर गुमला पुलिस ने तुरंत एक विशेष सर्च अभियान की योजना बनाई।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी और उसके तीन अन्य साथियों को मौके से दबोच लिया।

गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान

पुलिस द्वारा पकड़े गए चारों उग्रवादियों की पहचान विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकुरा — (जोनल कमांडर, पीएलएफआई ) निवासी: थाना रनिया, जिला खूंटी ;अमर सुरीन (उम्र 34 वर्ष) — (पीएलएफआई सदस्य) निवासी: थाना कामडारा, जिला गुमला; एतवा कोंगाड़ी उर्फ एतवा मास्टर — (पीएलएफआई सदस्य) निवासी: थाना कामडारा, जिला गुमला और अर्पित तोपनो उर्फ बेंदा (उम्र 22 वर्ष) — (पीएलएफआई सदस्य) निवासी: थाना बंदगांव, जिला पश्चिमी सिंहभूम हुई है।

भारी मात्रा में हथियार और आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद

गिरफ्तार उग्रवादियों की तलाशी और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल,दो पिस्टल मैगजीन,एक देशी बंदूक,एक देशी कट्टा ,विभिन्न बोर के सात जिंदा कारतूस और एक गोली का खोखा,पीएलएफआई संगठन के छह प्रतिबंधित पर्चे और चार एंड्रॉइड व कीपैड मोबाइल फोन सामान जब्त किए हैं। पुलिस इस कार्रवाई को राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मान रही है। गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ कर उनके अन्य सहयोगियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में सुराग तलाशे जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button