Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: करीम सिटी कॉलेज में मनाया गया सर सैयद दिवस, शिक्षा और विज्ञान में उनके योगदान को किया याद

जमशेदपुर: करीम सिटी कॉलेज ऑडिटोरियम में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी एलुमनाई एसोसिएशन और करीम सिटी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में सर सैयद दिवस का आयोजन किया गया। समारोह में सर सैयद अहमद खान के शिक्षा, संस्कृति और वैज्ञानिक सोच के प्रसार में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

डॉ. मोहम्मद रेयाज ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता

कार्यक्रम की अध्यक्षता करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने की। मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. खुशबू जुनेजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह की शुरुआत डॉ. फिरोज आलम के स्वागत भाषण से हुई।इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सर सैयद अहमद खान ने शिक्षा और सभ्यता के प्रसार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके विचारों और प्रयासों ने समाज में आधुनिक शिक्षा तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाई।

राष्ट्र निर्माण में सर सैयद के विचार प्रेरणास्रोत: प्राचार्य

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने कहा कि राष्ट्र के विकास में सर सैयद अहमद खान के विचार और उनके अथक प्रयास हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उनके दृष्टिकोण को याद किया।मुख्य अतिथि डॉ. खुशबू जुनेजा ने कहा कि सर सैयद अहमद खान ने राष्ट्र निर्माण में विज्ञान और तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका को पहचाना था। उन्होंने ऐसी तहजीब की नींव रखी, जिसमें सांस्कृतिक मूल्यों के साथ वैज्ञानिक शोध और आधुनिक ज्ञान को भी बढ़ावा मिला।

गजल गायकी ने बांधा समां

कार्यक्रम के समापन पर स्पार्क के कलाकारों ने शानदार गजल गायकी प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और समारोह को सांस्कृतिक रंग दिया।कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. यहिया इब्राहिम ने किया। आयोजन के माध्यम से सर सैयद अहमद खान के शैक्षिक और सामाजिक योगदान को याद किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button