Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बीजीएच के पास पल्सर सवार बदमाशों ने इलाज कराने जा रही महिला के गले से सोने की चेन झपट हुए फरार, पुलिस जांच में जुटी

बोकारो : बोकारो जिले में लुटेरों का मनोबल चरम पर है। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकारो जनरल अस्पताल के पिछले गेट के समीप बुधवार को पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। शहर में लगातार दूसरे दिन हुई इस वारदात से आम नागरिकों और अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों के परिजनों में भारी दहशत का माहौल है।

ऑटो से उतरकर बीजीएच जा रही थीं महिला; रॉन्ग साइड से आए लुटेरे

घटनाक्रम के संबंध में पीड़ित परिवार और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खेदाडीह (बांधगोड़ा) निवासी नानी बाला देवी अपने नियमित स्वास्थ्य जांच (रूटीन चेकअप) के लिए ऑटो से उतरकर बीजीएच अस्पताल के बैक गेट की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान अचानक ब्लैक पल्सर बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश रॉन्ग साइड (गलत दिशा) से उनके पास पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर महिला के गले से करीब 15 से 20 ग्राम वजन की सोने की लॉकेट वाली चेन उखाड़ ली और पलक झपकते ही फरार हो गए।

दुकानदारों ने डायल-112 को दी सूचना, अंबेडकर चौक की तरफ भागे बदमाश

घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगो ने तुरंत डायल 112 पर सूचन दी जिसके बाद सेक्टर-4 थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा पीड़िता से घटना की पूरी जानकारी ली। प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय दुकानदार विजेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों लुटेरे बाइक की रफ्तार तेज कर अंबेडकर चौक की तरफ भाग निकले।

लगातार दूसरे दिन वारदात से हड़कंप; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

बोकारो में बीते 24 घंटे के भीतर चेन झपटमारी का यह दूसरा मामला है। इससे ठीक एक दिन पहले चास थाना क्षेत्र में भी बाइक सवार बदमाशों ने इसी अंदाज में झपटमारी की थी।पीड़ित महिला के पुत्र किरीटी भूषण चौधरी ने सेक्टर-4 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बीजीएच बैक गेट, मुख्य सड़क और अंबेडकर चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों के हुलिए और बाइक के नंबर का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button