Jharkhand: दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक रूट में बदलाव; 17 सितंबर को भारी वाहनों की नो-एंट्री

गिरिडीह:झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह सदर विधायक स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्ध (बारहवीं) कार्यक्रम के अवसर पर 17 सितंबर को गिरिडीह शहर में यातायात व्यवस्था में व्यापक फेरबदल किया गया है। कार्यक्रम में राज्यभर से जुटने वाले अतिविशिष्ट अतिथियों और हजारों आम श्रद्धालुओं व समर्थकों की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने रूट प्लान जारी कर दिया है।
सुबह 9 बजे से मध्यरात्रि तक भारी मालवाहक वाहनों पर ‘पूर्ण प्रतिबंध‘
जिला प्रशासन और गिरिडीह पुलिस द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार17 सितंबर को सुबह 9:00 बजे से लेकर रात 11:59 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर पूरी तरह से रोक रहेगी। शहर में प्रवेश करने वाले सभी मुख्य रास्तों पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
वीवीआईपी आगमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम
श्राद्ध कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों, विधायकों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। नो-एंट्री लागू होने से शहर की मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी और एम्बुलेंस, वीवीआईपी वाहनों तथा आम लोगों की आवाजाही सुचारु रूप से चलती रहेगी।शहर के सभी प्रमुख चौराहों और कार्यक्रम स्थल से जोड़ने वाले मार्गों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस व जिला बल के जवानों की तैनाती की जा रही है।
प्रशासन की अपील — सहयोग करें वाहन चालक और आम नागरिक
गिरिडीह जिला प्रशासन और पुलिस ने आम जनता व वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है। प्रशासन ने ट्रांसपोर्टरों, ट्रक चालकों और भारी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान शहर की सीमा में प्रवेश न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही शहरवासियों से अनुरोध किया गया है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित वातावरण में धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराने में जिला प्रशासन की मदद करें।



