Bihar INFACTNews

Bihar: हाजीपुर में बोल्डर से टकराकर गंगा में डूबी नाव; 9 लोग सुरक्षित, 2 लापता

हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-09 के पास मंगलवार को बड़ा नाव हादसा हो गया। तेरसिया दियारा इलाके से गुजर रही एक नाव बाढ़ के पानी में बोल्डर से टकराने के बाद असंतुलित होकर डूब गई। वैशाली डीएम वर्षा सिंह के अनुसार नाव पर करीब 11 लोग सवार थे, जिनमें से 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 2 लोग लापता हैं।

बोल्डर से टकराने के बाद डूबी नाव

घटना गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार नाव तेरसिया दियारा की ओर से महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-09 के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान नाव पानी में मौजूद एक बोल्डर से टकरा गई।टक्कर के बाद नाव का संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही देर में वह बाढ़ के पानी में डूब गई। अचानक नाव डूबने से उसमें सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

9 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, 2 लापता

हादसे के बाद कुछ लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।स्थानीय लोगों के अनुसार नाव पर करीब 11 लोग सवार थे। इनमें से 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 2 लोगों की तलाश जारी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी एसडीआरएफ और एनडीआरएफ

नाव हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। स्थानीय थाना पुलिस और अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया।टीमों ने बाढ़ के पानी में लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।

डीएम और एसपी ने संभाला मोर्चा

हादसे की गंभीरता को देखते हुए वैशाली डीएम वर्षा सिंह और एसपी शुभांक मिश्रा समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन की निगरानी की।प्रशासन की ओर से लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज किया गया है।

रेस्क्यू के दौरान एक व्यक्ति को सांप ने डसा

वैशाली डीएम के अनुसार, बचाव कार्य के दौरान एक व्यक्ति को सांप ने डस लिया। उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।फिलहाल उसकी स्थिति और लापता लोगों के संबंध में प्रशासन की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार है।

तेरसिया दियारा और गांधी सेतु के आसपास अफरा-तफरी

नाव हादसे की खबर फैलते ही तेरसिया दियारा और महात्मा गांधी सेतु के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। परिजन और स्थानीय लोग लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।बाढ़ के पानी के बीच राहत और बचाव अभियान जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button