Jharkhand: छठ महापर्व को लेकर जमशेदपुर पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा

जमशेदपुर: आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने शनिवार को जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी शामिल हुए।
छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश
बैठक के दौरान एसएसपी ने जिले के सभी छठ घाटों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, डेंजर जोन की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया।
बाइक दस्ता, शक्ति कमांडो और एनडीआरएफ की होगी तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था के तहत बाइक दस्ता, शक्ति कमांडो, एनडीआरएफ और टैंगो मोबाइल की तैनाती पर जोर दिया गया। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से छठ घाटों तथा आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
लगातार गश्त और आपात स्थिति से निपटने की तैयारी
एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को छठ घाटों और आसपास के इलाकों में लगातार गश्त करने को कहा। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क और तैयार रहने का निर्देश दिया।पुलिस प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।



