BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: चक्रधरपुर के चुनचुन टाल में भीषण आग, पटाखों से आग लगने की आशंका

चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में टोकलो रोड स्थित चुनचुन टाल में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में उठती ऊंची लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग के आसपास के मकानों तक फैलने की आशंका से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग फैलने के डर से घर खाली करने लगे लोग

आग की भयावहता को देखते हुए आसपास रहने वाले लोग अपने-अपने घर खाली करने लगे। परिवार के सदस्य जान बचाने के साथ घरों में रखे जरूरी सामान को भी सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए। इस दौरान पूरे इलाके में भय और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता को देखते हुए एक दमकल वाहन से उस पर काबू पाना चुनौती बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने आग पर जल्द नियंत्रण पाने के लिए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों की जरूरत जताई।

पटाखों से आग लगने की आशंका, कारणों की पुष्टि नहीं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के पीछे पटाखों को वजह माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल दमकल कर्मियों की ओर से आग बुझाने और आसपास के घरों को सुरक्षित रखने का प्रयास जारी है।आग से कितने नुकसान की आशंका है, इसका आकलन अभी नहीं हो पाया है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button