Jharkhand: छठ घाटों की तैयारियों का विधायक पूर्णिमा दास साहू ने लिया जायजा, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जमशेदपुर में घाटों की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर प्रशासनिक तैयारियों में कई कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

चेंजिंग रूम, रोशनी और साफ-सफाई पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान विधायक ने छठ व्रतियों की सुविधाओं को लेकर विशेष रूप से चेंजिंग रूम की व्यवस्था, घाटों पर गंदे पानी के बहाव, पर्याप्त रोशनी और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने डेंजर जोन चिह्नित कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत पर भी जोर दिया।विधायक ने इन सभी मुद्दों पर जेएनएसी और जुस्को के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया और जरूरी कदम उठाने को कहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं

पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

समय रहते सभी कमियां दूर करने का निर्देश

विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि घाटों पर मौजूद सभी कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने साफ-सफाई, रोशनी, चेंजिंग रूम और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया।

Exit mobile version