गिरिडीह: आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में न्याय की मांग और झारखंड में बढ़ते जमीन माफियाओं के कथित आतंक के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार आंदोलन किया। भाजपा गिरिडीह महानगर जिला के नेतृत्व में महानगर क्षेत्र के सभी 16 मंडलों में एक साथ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना आक्रोश जाहिर किया। पार्टी ने निशा भगत की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
निशा भगत की मौत ने खड़े किए शासन-प्रशासन पर सवाल
इस अवसर पर भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि निशा भगत की मौत ने झारखंड की शासन और प्रशासनिक व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरना और सनातन की आवाज बुलंद करने वाली एक सशक्त महिला को आखिर किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।रंजीत कुमार राय ने आरोप लगाया कि झारखंड में जमीन माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ रहा है। गरीबों और आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जे तथा ऐसे तत्वों को कथित राजनीतिक एवं प्रशासनिक संरक्षण मिलना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में आम लोगों के बीच अपनी जमीन और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बन रहा है।
दोषियों और कथित संरक्षकों पर कार्रवाई की मांग
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का मामला नहीं है, बल्कि यह झारखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ा सवाल है। भाजपा की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों और उन्हें कथित रूप से संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच हो तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
16 मंडलों में आंदोलन, कई वरिष्ठ नेता हुए शामिल
विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश यादव, विनय सिंह, चुन्नू कान, प्रकाश सेठ, प्रदेश मंत्री शालिनी वैसिख्यार एवं दिलीप वर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री संजीव कुमार, जिला मंत्री सुरेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा एवं देवराज भारतीय, जिला कोषाध्यक्ष मुकेश जालान, नगर अध्यक्ष सिंकू सेना, साहिल शर्मा, पूर्णनगर अध्यक्ष हरविंदर सिंह बग्गा, उषा देवी, पचंबा मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह, खिरोधर दास, जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह, लेदा मंडल अध्यक्ष मनोज पांडेय, मनोहर यादव और सौरभ मिश्रा समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि निशा भगत को न्याय दिलाने और राज्य में जमीन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी।
