पतरातू: आदिवासी नेत्री नीसा भगत की आकस्मिक मृत्यु के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पतरातू मंडल की ओर से पतरातू लेक रिसॉर्ट चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा पतरातू मंडल अध्यक्ष रंजन भगत ने किया। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा रामगढ़ जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बाबला उपस्थित रहे।
राज्य सरकार के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नीसा भगत की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार, शोषण और प्रशासनिक उपेक्षा के कारण आदिवासी समाज के लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।भाजपा नेताओं ने कहा कि नीसा भगत ने अपनी पीड़ा और समस्याओं को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी बात रखी थी। ऐसे में उनकी मृत्यु की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के पतरातू मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मौके पर जिला उपाध्यक्ष रिद्धि राज, जिला परिषद सदस्य राजा राम प्रजापति, किशोर महतो, ऋषि राज, राहुल कु सिंह, अनिकेत आनंद, विकास गुप्ता, विजय सिंह, अशोक सिंह, अशोक ठाकुर, भुनेसर सिंह, विश्वजीत भारद्वाज, गणेश ठाकुर, रितेश ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
