Jharkhand: चाईबासा में महिला का शव घर के अंदर दफन मिलने से सनसनी, पति पर हत्या का आरोप

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली ओपी क्षेत्र में एक महिला का सड़ा-गला शव घर के अंदर दफन मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की हत्या का आरोप उसके पति पर लगाया गया है।

दो-तीन दिनों से महिला के दिखाई नहीं देने पर हुआ शक

मृतका की बेटी नागेश्वरी गागराई के अनुसार, उसके पिता अक्सर शराब पीने और खाने-पीने को लेकर उसकी मां के साथ मारपीट करते थे। बेटी ने आरोप लगाया कि उसके पिता कोई कामकाज भी नहीं करते थे।परिजनों के मुताबिक, घर में किसी के मौजूद नहीं रहने के कारण महिला के साथ हुई घटना की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी। बाद में पड़ोसियों से पता चला कि गुरुवारी हांसदा पिछले दो-तीन दिनों से दिखाई नहीं दे रही थीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

घर में बाहर से लगा था ताला, अंदर दफन मिला शव

बेटी नागेश्वरी गागराई के अनुसार, परिजनों और परिचितों से पूछताछ करने के बावजूद जब मां के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, तो वह गांव पहुंची। वहां घर के बाहर ताला लगा हुआ था। इसके बाद जबरन ताला खोलकर अंदर देखा गया, तो घर के अंदर ही उसकी मां का शव दफन मिला।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी भूमिका है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

बेटों के लौटने के बाद आगे की प्रक्रिया

बताया गया कि मृतका की सभी बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि उसके बेटे चेन्नई में काम करते हैं। परिजनों के अनुसार, बेटों के गांव पहुंचने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि महिला की हत्या कब और कैसे की गई तथा शव को घर के अंदर दफनाने के पीछे क्या वजह थी।

Exit mobile version