Jharkhand: एनएच -49 पर केमिकल से भरा टैंकर पलटते ही लगी भीषण आग, चार अन्य वाहन भी जले

बहरागोड़ा। झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा क्षेत्र के चिचड़ा में गुरुवार देर रात प्लास्टिक केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग सड़क किनारे खड़े चार अन्य वाहनों तक फैल गई। घटना के बाद एनएच पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों लेन पर यातायात ठप हो गया।सूचना मिलने पर पश्चिम बंगाल के जाम्बनी थाना की पुलिस और झाड़ग्राम दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

चिचड़ा चेकपोस्ट पार करने के बाद हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, प्लास्टिक केमिकल से भरा टैंकर झारखंड की ओर से पश्चिम बंगाल जा रहा था। चिचड़ा चेकपोस्ट पार करने के बाद टैंकर लोधाशुली की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और टैंकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गया।टैंकर के पलटते ही उसमें आग लग गई। केमिकल के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं और सड़क किनारे खड़े चार अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए।

कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

हादसे की सूचना मिलते ही जाम्बनी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद झाड़ग्राम दमकल विभाग की कई गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक आग बुझाने का प्रयास किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।आग लगने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग की दोनों लेन पर वाहनों का आवागमन बंद हो गया, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ।

चालक और खलासी फरार, पुलिस कर रही जांच

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद टैंकर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। आग बुझने के बाद एनएच-49 पर यातायात सामान्य कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version