Jharkhand: टाटानगर से जयपुर के लिए शुरू होगी सीधी ट्रेन, 26 अक्टूबर को सांसद विद्युत वरण महतो दिखाएंगे हरी झंडी

जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर और गुलाबी नगरी जयपुर के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। मारवाड़ी समाज के निरंतर प्रयासों और स्थानीय सांसद के पहल के फलस्वरूप टाटानगर से जयपुर के लिए नई सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होने जा रहा है।इस नई ट्रेन को 26 अक्टूबर (सोमवार) को आयोजित विशेष समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से जुड़कर ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। उल्लेखनीय है कि इस नई रेल सेवा की घोषणा लगभग एक माह पूर्व की गई थी।

व्यापारियों, विद्यार्थियों और मारवाड़ी समाज को मिलेगी बड़ी राहत

टाटानगर-जयपुर नई सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ पहुंचेगा। जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले मारवाड़ी समाज के लोगों के अलावा आम यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को अब राजस्थान आने-जाने के लिए बार-बार ट्रेन बदलने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। सीधी रेल सेवा उपलब्ध होने से झारखंड और राजस्थान के बीच व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी और दोनों राज्यों के सांस्कृतिक व सामाजिक रिश्ते और अधिक प्रगाढ़ होंगे।

जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने सांसद विद्युत वरण महतो का जताया आभार

इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने सांसद विद्युत वरण महतो और केंद्र सरकार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। सम्मेलन के पदाधिकारियों ने कहा कि टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन चलवाना सांसद के दूरदर्शी और निरंतर प्रयासों का सुखद परिणाम है। सम्मेलन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बुनियादी ढाँचे और रेल सुविधाओं का ऐतिहासिक विस्तार हो रहा है। टाटानगर-जयपुर ट्रेन सेवा जमशेदपुर और राजस्थान के बीच कनेक्टिविटी का एक नया अध्याय लिखेगी।

Exit mobile version