जमशेदपुर: शहर में किस्तों पर अवैध हथियार खरीदने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बिरसानगर थाना पुलिस ने लुपुंगडीह मैदान में छापेमारी कर तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया, जबकि यश दास नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
लुपुंगडीह मैदान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर छापेमारी
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पुलिस को लुपुंगडीह मैदान में चार युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर छापेमारी कर चारों युवकों को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
30 हजार रुपये में किस्तों पर खरीदी थी पिस्टल
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि युवकों ने शौक के लिए 30 हजार रुपये में किस्तों पर अवैध पिस्टल खरीदी थी। हालांकि, बाद में वे किस्तों की रकम चुकाने में असमर्थ हो गए। इसके बाद उन्होंने पिस्टल बेचने की कोशिश शुरू कर दी।इसी दौरान पुलिस को उनकी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारों को पकड़ लिया और हथियार बरामद कर लिया।
अवैध हथियार के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस
मामले में एक युवक की गिरफ्तारी और तीन नाबालिगों को निरुद्ध किए जाने के बाद पुलिस अवैध हथियार की खरीद-बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। हथियार किससे खरीदा गया था और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आ सकती है।
