BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: सरयू राय के अल्टीमेटम के बाद समर्थकों ने मुर्दा मैदान का कचरा मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने किया डंप

जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के अल्टीमेटम के बाद रविवार को मानगो के बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान में जमा कचरा नगर निगम कार्यालय के सामने डंप करा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद मानगो नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कचरा निगम कार्यालय के सामने पहुंचने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

1 अक्टूबर को विधायक ने किया था निरीक्षण

उल्लेखनीय है कि विधायक सरयू राय ने 1 अक्टूबर को बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान का निरीक्षण किया था। इस दौरान मैदान में जमा कचरे को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और नगर निगम को एक सप्ताह के भीतर सफाई कराने का अल्टीमेटम दिया था।

अपर नगर आयुक्त को पत्र लिखकर दी थी चेतावनी

निर्धारित समय में सफाई नहीं होने पर सरयू राय ने 7 अक्टूबर को अपर नगर आयुक्त को पत्र लिखकर चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि यदि मैदान से कचरा नहीं हटाया गया, तो स्थानीय लोग और उनके समर्थक खुद कचरा हटाकर नगर निगम कार्यालय के समीप डंप कर देंगे।रविवार को मुर्दा मैदान का कचरा नगर निगम कार्यालय के सामने पहुंचने के बाद इस चेतावनी पर अमल किए जाने की बात सामने आई है।

नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटनाक्रम ने मानगो में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है। स्थानीय स्तर पर अब यह सवाल उठ रहा है कि मुर्दा मैदान जैसे स्थानों पर कचरा जमा होने की समस्या का स्थायी समाधान कब निकलेगा।फिलहाल, इस कार्रवाई को लेकर नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि प्रशासन कचरा निस्तारण की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button