Bihar: बिहार बोर्ड ने बढ़ाई इंटर और मैट्रिक परीक्षा 2028 के रजिस्ट्रेशन की तारीख, अब 24 अक्टूबर तक मौका

पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2028 के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 10 अक्टूबर निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 24 अक्टूबर कर दिया गया है। इस फैसले से रजिस्ट्रेशन कराने से छूट गए विद्यार्थियों को एक और अवसर मिलेगा।

इंटर परीक्षा 2028 के लिए यहां होगा रजिस्ट्रेशन

समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम के अनुसार, इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2028 के लिए 11वीं कक्षा के छूटे हुए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन अब 24 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। इसके लिए संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्रधान बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट intermediate.biharboardonline.com पर यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

मैट्रिक परीक्षा के लिए भी बढ़ी समय सीमा

मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2028 के लिए 9वीं कक्षा के छूटे हुए विद्यार्थियों को भी रजिस्ट्रेशन का मौका दिया गया है। ऐसे विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन 24 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। संबंधित स्कूलों के प्रधान समिति की आधिकारिक वेबसाइट secondary.biharboardonline.org पर अपने यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर प्रक्रिया पूरी करेंगे।

समय पर रजिस्ट्रेशन कराने की अपील

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी परीक्षा के लिए पंजीकरण कराने से वंचित न रह जाए।

Exit mobile version