जमशेदपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने और आम लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत बुधवार को समाहरणालय परिसर से बाल विवाह निषेध जागरूकता वाहन रवाना किया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
बाल विवाह बालिकाओं के भविष्य में बड़ी बाधा : उपायुक्त
इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि बाल विवाह बच्चों, विशेषकर बालिकाओं के भविष्य और उनके शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास में बड़ी बाधा है। इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उन्हें स्कूलों से जोड़ना और उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना जरूरी है। शिक्षा के माध्यम से ही बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
सुदूरवर्ती गांवों तक पहुंचाया जाएगा अभियान
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जागरूकता अभियान को जिले के सुदूरवर्ती गांवों तक पहुंचाया जाए। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मानकी-मुंडा, धर्मगुरुओं और समाज के प्रभावशाली लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि बाल विवाह के खिलाफ व्यापक सामाजिक जागरूकता पैदा हो सके।उन्होंने विद्यालयों में भी बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने पर जोर दिया।
कानूनी प्रावधानों और बालिका शिक्षा का होगा प्रचार
जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इसके माध्यम से बाल विवाह से होने वाले नुकसान, इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों और बालिका शिक्षा के महत्व की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य बाल विवाह के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को जागरूक करना है।
