Jharkhand: बोकारो स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस में भीषण आग से धू-धू कर जलीं दो कन्वेयर बेल्ट,फायर विंग ने बुझाई आग

बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस के बाहर स्लैग ले जाने वाले कन्वेयर बेल्ट में गुरुवार सुबह आग लग गई। कन्वेयर बेल्ट संख्या के -21 और के -22 में आग लगने के बाद कुछ देर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। सूचना मिलते ही फायर विंग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।

गर्म स्लैग से आग लगने की आशंका

बताया जा रहा है कि कन्वेयर बेल्ट गर्म स्लैग लेकर फर्नेस की ओर जा रहा था। इसी दौरान गर्म स्लैग के कारण बेल्ट में आग लगने की आशंका जताई गई है। आग लगते ही कन्वेयर बेल्ट धू-धू कर जलने लगा।घटना के दौरान दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया। गनीमत रही कि जिस स्थान पर आग लगी, वहां उस समय कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

बीएसएल के अनुसार आधे घंटे में आग पर पाया काबू

बोकारो स्टील प्लांट के चीफ कम्युनिकेशन ऑफिसर मणिकांत धान ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि स्लैग ले जाने वाले कन्वेयर बेल्ट संख्या के -21 और के -22 में सुबह करीब 9:30 बजे संभवतः गर्म स्लैग के कारण आग लगी थी। फायर विंग ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।उन्होंने बताया कि कन्वेयर बेल्ट फर्नेस के बाहर स्थित है और घटना का ब्लास्ट फर्नेस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। प्लांट की मुख्य इकाइयों का संचालन सामान्य रूप से जारी है और उत्पादन में कोई बाधा नहीं आई है।

जले हुए कन्वेयर बेल्ट को किया जाएगा रिप्लेस

बीएसएल की ओर से बताया गया है कि आग से प्रभावित कन्वेयर बेल्ट को रिप्लेस किया जाएगा। प्रबंधन के अनुसार, घटना का प्लांट के उत्पादन पर असर नहीं पड़ा है और उत्पादन सामान्य तरीके से जारी है।

लगातार घटनाओं से सुरक्षा को लेकर चिंता

बोकारो स्टील प्लांट में इस तरह की घटनाओं को लेकर कर्मचारियों और मजदूरों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता की बात भी सामने आ रही है। इससे पहले भी प्लांट में अलग-अलग घटनाएं हो चुकी हैं।फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Exit mobile version