BreakingJharkhand INFACTNewsSports

Sports: रांची पहुंचे भारत-वेस्टइंडीज के खिलाड़ी, झारखंडी स्वाद वाली थाली से होगा स्वागत

रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में टी-20 मुकाबला खेला जाना है। मैच से दो दिन पहले बुधवार को दोनों टीमों के खिलाड़ी रांची पहुंच गए। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था होटल रेडिशन ब्लू में की गई है। खिलाड़ियों की फिटनेस और डाइट को ध्यान में रखते हुए होटल प्रबंधन ने विशेष मेन्यू तैयार किया है। इसमें खिलाड़ियों को झारखंड के स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी चखने को मिलेगा।

झारखंडी थाली में काला चना, छिलका और मडुआ रोटी

खिलाड़ियों के लिए तैयार मेन्यू में झारखंडी व्यंजनों को खास जगह दी गई है। इसमें काला चना, छिलका और मडुआ रोटी शामिल है। स्थानीय स्वाद को ध्यान में रखते हुए कतला मछली से तैयार किए जाने वाले कई व्यंजन भी मेन्यू में रखे गए हैं।इसके अलावा चिकन की अलग-अलग वेराइटी भी खिलाड़ियों को परोसी जाएगी। स्थानीय व्यंजनों के साथ खिलाड़ियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए हाई-प्रोटीन और पौष्टिक भोजन पर भी विशेष जोर दिया गया है।

मिलेट्स ब्रेड से कॉन्टिनेंटल फूड तक

झारखंडी भोजन के अलावा खिलाड़ियों के मेन्यू में कॉन्टिनेंटल फूड और मिलेट्स ब्रेड भी शामिल किए गए हैं। होटल की किचन टीम खिलाड़ियों की डाइट और खानपान से जुड़ी जरूरतों का विशेष ध्यान रख रही है।खिलाड़ियों की पसंद और डिमांड के अनुसार भी भोजन तैयार किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर किचन टीम खिलाड़ियों के लिए उनकी पसंद का भोजन उपलब्ध कराएगी।

सखुआ के पत्ते पर परोसी जाएगी झारखंडी थाली

झारखंडी व्यंजनों को खास अंदाज में परोसने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार, स्थानीय व्यंजनों को सखुआ के पत्ते पर परोसने की योजना है। इसके जरिए खिलाड़ियों को झारखंड के स्थानीय स्वाद और प्राकृतिक परिवेश से परिचित कराने की कोशिश की जाएगी।

रांची में मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर रांची के क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह है। दोनों टीमों के खिलाड़ी मैच से पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे। मुकाबले के लिए जेएससीए स्टेडियम में तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button