Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया हत्याकांड का 8 घंटे में खुलासा, कुल्हाड़ी व खून सने गमछे के साथ गांव का ही 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार

पाकुड़ : अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया की निर्मम हत्या के मामले में पाकुड़ पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के बल पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया और गांव के ही 23 वर्षीय युवक धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसआईटी गठित, डॉग स्क्वॉड व फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया। एसआईटी ने घटनास्थल की घेराबंदी कर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स, फॉरेंसिक टीम और स्वान दस्ता की मदद ली। वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ तकनीकी शाखा और स्थानीय गुप्तचरों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस का शक गांव के ही युवक धर्मा पहाड़िया पर गहराया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

पूछताछ में कबूला जुर्म; टांगी और खून लगा गमछा बरामद

पुलिसिया पूछताछ और सामने रखे गए पुख्ता सबूतों के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने ग्राम प्रधान की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी धर्मा पहाड़िया की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी के बेट लगी खून से सनी टांगी (कुल्हाड़ी) बरामद कर ली।इसके साथ ही आरोपी के पास से वारदात के समय पहना गया खून लगा नारंगी रंग का गमछा भी जब्त किया गया है।

आरोपी को भेजा जा रहा जेल, अमड़ापाड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना

अमड़ापाड़ा थाना पुलिस आरोपी धर्मा पहाड़िया के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेजा जाएगा।इस सफल और त्वरित उद्भेदन में अमड़ापाड़ा थाना पुलिस, तकनीकी शाखा और आसपास के थानों के पुलिस अधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही। महज 8 घंटे में ग्राम प्रधान हत्याकांड का खुलासा होने से स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button