Jharkhand INFACTNews

Jharkhand:सिदगोड़ा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, टाटा स्टील कर्मी के क्वार्टर से 40 लाख के जेवरात और 30 हजार नकद गायब

जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। क्रॉस रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर संख्या एल-4/11 को चोरों ने निशाना बनाया। यहां से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

टाटा स्टील कर्मी के क्वार्टर में चोरी

जानकारी के अनुसार, उक्त क्वार्टर टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास का है। उनकी पत्नी अंबिका दास पास स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल में शिक्षिका हैं। घटना के समय सुब्रतो दास ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी स्कूल में मौजूद थीं।दोपहर करीब 12:45 बजे सुब्रतो दास जब घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि क्वार्टर का अंदरूनी दरवाजा खुला हुआ था और कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने घर की जांच की।

दो अलमारियों के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी

जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने घर के अंदर रखी दो अलमारियों के ताले तोड़ दिए थे। अलमारी में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद और लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां कैद

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में संदिग्ध क्वार्टर के पीछे की ओर से घर में प्रवेश करता और कुछ देर बाद वहां से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।

संदिग्ध की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही चोरी गए सामान का आकलन भी किया जा रहा है।दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना से इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button