रांची: करमटोली तालाब के समीप अतिक्रमण मुक्त कराई गई 51 डिसमिल सरकारी जमीन अब शहरवासियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बन सकती है। रांची नगर निगम इस जमीन पर सामान्य बाजार के बजाय झारखंडी व्यंजनों पर आधारित विशेष वेंडर्स फूड मार्केट विकसित करने की तैयारी कर रहा है। यहां लोगों को एक ही जगह झारखंड के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद उपलब्ध कराने की योजना है।भविष्य में इस फूड मार्केट को नाइट मार्केट के रूप में विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। इससे स्थानीय खान-पान को बढ़ावा देने के साथ वेंडरों को व्यवस्थित और स्थायी व्यवसायिक स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास होगा।
नगर आयुक्त ने किया स्थल निरीक्षण
वार्ड संख्या 19 में स्थित इस सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद रांची नगर निगम की ओर से यहां बाउंड्री वाल का निर्माण कराया गया है। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं के साथ स्थल का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जमीन और आसपास के क्षेत्र की उपयोगिता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यहां विशेष वेंडिंग जोन विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
सामान्य बाजार नहीं, झारखंडी खान-पान बनेगा पहचान
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्तावित बाजार को सामान्य वेंडिंग जोन की तरह विकसित करने के बजाय झारखंडी फूड मार्केट के तौर पर विकसित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए।इसका उद्देश्य झारखंड के पारंपरिक खान-पान और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देना है। साथ ही स्थानीय वेंडरों को व्यवस्थित तरीके से व्यवसाय करने के लिए स्थायी और सम्मानजनक स्थान उपलब्ध कराने की योजना है।
पाथवे, पार्किंग और शेड की होगी व्यवस्था
प्रस्तावित फूड मार्केट के डिजाइन में लोगों की सुविधा के साथ-साथ परिसर की खूबसूरती का भी ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है। योजना में सुव्यवस्थित पाथवे, पार्किंग, शेड, शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं शामिल करने की तैयारी है।इसके अलावा पूरे परिसर को आकर्षक बनाने के लिए झारखंड की कला और संस्कृति से जुड़ी चित्रकारी कराने की भी योजना है। इससे फूड मार्केट में आने वाले लोगों को स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
वेंडरों को मिलेगा व्यवस्थित और सम्मानजनक स्थान
नगर आयुक्त ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल वेंडरों को दुकान लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उन्हें व्यवस्थित और सम्मानजनक व्यवसायिक स्थान देना भी है।वेंडिंग जोन विकसित होने से स्थानीय वेंडरों को नियमित कारोबार करने का अवसर मिलेगा। इससे उनके रोजगार और आय के स्थायी माध्यम को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नाइट मार्केट के रूप में विकसित करने की भी तैयारी
रांची नगर निगम भविष्य में करमटोली के प्रस्तावित फूड मार्केट को नाइट मार्केट के रूप में विकसित करने की संभावनाएं भी तलाश रहा है। योजना लागू होने पर शाम के बाद भी लोग यहां झारखंडी व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे।नाइट मार्केट के रूप में विकसित होने से स्थानीय खान-पान और छोटे कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र में शाम के समय गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
